श्रीगंगानगर , अगस्त 01 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में तीन चिट फंड कम्पनियों के खिलाफ निवेशकों ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि समृद्ध जीवन फूड्स इंडिया लिमिटेड, समृद्धि जीवन मल्टीस्टेट मल्टीपरपज को-ऑपरेटिव सोसाइटी और प्रोस्पेरिटी एग्रो इंडिया लिमिटेड, जिसे अब दौलत प्राईड इंडिया लिमिटेड के नाम से जाना जाता है, जैसी तथाकथित चिट फंड कंपनियों में पूंजी निवेश करने वाले 720 निवेशकों ने एक करोड़ 63 लाख 72 हजार 679 रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
पुलिस ने बताया कि सरोज, दर्शना देवी, कृष्णा, मनीष सहित कुल 720 निवेशकों की ओर से कंपनियों के निदेशकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रीगंगानगर स्थित शाखाओं के प्रभारी अधिकारियों को नामजद करते हुए धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज करवाया गया है। करीब 20 व्यक्तियों को नामजद किया गया है। पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित