बैतूल , जून 03 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम चिचंडा के समीप आयशर ट्रक और कंटेनर की आमने-सामने की टक्कर में एक चालक की मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आज सुबह लगभग सात बजे दोनों वाहन अपने-अपने मार्ग पर जा रहे थे। चिचंडा के पास अज्ञात कारणों से दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
दुर्घटना में नागपुर की ओर से आ रहे कंटेनर के चालक मुस्तफा असर (40) निवासी राजस्थान वाहन में फंस गए और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं आयशर ट्रक चालक सोनू पिता चुन्नू निवासी अहमदाबाद तथा मोहम्मद शाह (20) निवासी हरियाणा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस दल मौके पर पहुंचा तथा घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुलताई पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दुर्घटना के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित