श्रीगंगानगर , मार्च 12 -- राजस्थान में श्री गंगानगर में सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय सामने अंग्रेजी शराब की दुकान को मंजूरी दिए जाने का कांग्रेस से जुड़े भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने कड़ा विरोध किया है।

संगठन के जिला उपाध्यक्ष हिमांशुसिंह सिसोदिया के नेतृत्व में छात्रों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने आक्रोश जताते हुए नारेबाजी की और उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जिसमें शराब की दुकान को मंजूरी न दिए जाने की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि आबकारी विभाग वर्ष 2025-26 के लिए सूरतगढ़ रोड पर शिव चौक से हनुमान मूर्ति के बीच स्थित शराब दुकान नंबर दो और तीन (वार्ड नंबर 28 एवं 41) को सर्वोच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेशों और पूर्व फैसलों की पूरी तरह अनदेखी करते हुए सरकारी जिला अस्पताल और सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय के मुख्य द्वार के ठीक सामने स्थानांतरित करने की कोशिश कर रहा है।

ज्ञापन में एनएसयूआई ने बताया कि इस महाविद्यालय में वर्तमान में करीब 500 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं और इसी परिसर में लड़कियों का छात्रावास भी स्थित है, जो प्रस्तावित शराब दुकान के बिल्कुल बगल में है। आबकारी विभाग नियमों को तोड़-मरोड़कर दुकानों को चिकित्सा महाविद्यालय के सामने स्थानांतरित करने की अनुमति दे रहा है, जो न केवल आबकारी अधिनियम की धारा 75 का सीधा उल्लंघन है, बल्कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं माहौल के लिए भी अत्यंत खतरनाक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित