नयी दिल्ली , मार्च 10 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि महिलाओं की संवेदनशीलता, सेवा भावना और समर्पण से चिकित्सा क्षेत्र और अधिक मानवीय बनता है।
श्रीमती गुप्ता ने मंगलवार को यहां सर गंगाराम अस्पताल में 'वुमन इन मेडिकल प्रोफेशन' पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक है। आज महिलाएं डॉक्टर, सर्जन, शोधकर्ता, नर्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञ के रूप में काम कर रही हैं। वे न केवल लोगों को बेहतर इलाज दे रही हैं, बल्कि समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में भी बड़ी भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महिलाओं की संवेदनशीलता, सेवा भावना और समर्पण से चिकित्सा क्षेत्र और अधिक मानवीय बनता है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। महिलाओं के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, जागरूकता कार्यक्रमों तथा चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि हर महिला को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अस्पताल दशकों से उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा, समर्पण और विश्वसनीयता का प्रतीक रहा है। लाखों मरीजों को बेहतर उपचार प्रदान करने के साथ-साथ यह अस्पताल चिकित्सा शिक्षा, शोध और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। इस संस्थान ने चिकित्सा क्षेत्र में महिलाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें नेतृत्व के अवसर प्रदान करने में भी सराहनीय भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि यहां कार्यरत महिला चिकित्सक, नर्स, शोधकर्ता और स्वास्थ्यकर्मी अपनी प्रतिभा और समर्पण के माध्यम से समाज को स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उनकी मेहनत और सेवा भावना न केवल मरीजों के जीवन को बेहतर बनाती है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित