बीजापुर , अगस्त 24 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से कई ग्रामीण इलाकों में आवागमन प्रभावित हुआ है। बीजापुर तहसील के ग्राम चिन्नाकवाली के पास चिंतावागु नदी का बहाव तेज होने के बाद नगर सेना की टीम ने मोर्चा संभालते हुए बोट के जरिए ग्रामीणों को सुरक्षित नदी पार कराया।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, बारिश के कारण चिंतावागु नदी में पानी का बहाव बढ़ गया था, जिससे ग्रामीणों के लिए नदी पार करना जोखिम भरा हो गया। स्थिति को देखते हुए नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची और बोट की सहायता से लोगों को एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचाने की व्यवस्था की।
राहत एवं बचाव अभियान के दौरान अस्वस्थ व्यक्तियों को प्राथमिकता दी गई। नगर सेना के जवानों ने उन्हें सावधानीपूर्वक बोट से नदी पार कराया, ताकि उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार तक पहुंचने में परेशानी न हो। तेज बहाव के बीच जवानों ने सतर्कता के साथ बोट का संचालन कर ग्रामीणों के सुरक्षित आवागमन में मदद की।
जिला प्रशासन के मुताबिक बारिश के मौसम में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय रखा गया है, ताकि आपात स्थिति में लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाई जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित