नयी दिल्ली , मई 07 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को चावल का औसत भाव टूट गया। चावल के साथ गेहूं में भी नरमी देखी गयी। चीनी की कीमत पिछले कारोबारी दिवस पर ही स्थिर रही जबकि दालों और खाद्य तेलों में घट-बढ़ का रुख रहा।

औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 22 रुपये गिरकर 3,848 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं 11 रुपये सस्ता हुआ और 2,780 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे की कीमत भी नौ रुपये उतर गयी।

दाल-दलहनों में उतार-चढ़ाव रहा। उड़द दाल की औसत कीमत 36 रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी। तुअर दाल और चना दाल 30-30 रुपये गिर गयीं। मूंग दाल 19 रुपये सस्ती हुई। वहीं, मसूर दाल में पांच रुपये प्रति क्विंटल की तेजी देखी गयी।

मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का जुलाई वायदा 41 रिंगिट गिरकर 4,538 रिंगिट प्रति टन रह गया। जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 0.71 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74.49 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित