नयी दिल्ली , मई 27 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चावल का औसत भाव टूट गया। गेहूं और दालों में भी नरमी रही जबकि चीनी की कीमत चढ़ गयी। खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव देखा गया।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 24 रुपये घटकर 3,832 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं सात रुपये टूटकर 2,774 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटा भी 10 रुपये सस्ता हुआ।
दाल-दलहनों में मूंग दाल की औसत कीमत 18 रुपये और तुअर दाल की 10 रुपये प्रति क्विंटल गिर गयी। चना दाल नौ रुपये और मसूर दाल सात रुपये सस्ती हुई। उड़द दाल में पांच रुपये की गिरावट रही।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में आज बकरीद का अवकाश रहा। जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.17 प्रतिशत टूटकर 74.23 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया।
स्थानीय बाजारों में पाम ऑयल की औसत कीमत 51 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। वनस्पति 49 रुपये और सरसों तेल 44 रुपये फिसल गया। सूरजमुखी तेल में पांच रुपये और मूंगफली तेल में तीन रुपये की गिरावट रही। सोया तेल 64 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ।
मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव में टिकाव रहा। चीनी भी तीन रुपये महंगी हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित