मुंबई , जून 19 -- रिलायंस इंडस्ट्रीज में ऊर्जा कारोबार का नेतृत्व कर रहे अनंत अंबानी ने शुक्रवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष से रिलायंस की कमाई में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा कारोबार का महत्वपूर्ण योगदान होगा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं वार्षिक आम बैठक में उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 में सोलर मॉड्यूल्स से व्यावसायिक राजस्व आना शुरू हो जायेगा। इसी वर्ष बैटरी फैक्ट्री भी कमीशन होगी। श्री अंबानी ने कहा, "वित्त वर्ष 2027 से न्यू एनर्जी, रिलायंस के वित्तीय प्रदर्शन में सार्थक योगदान देना शुरू करेगा।"रिलायंस ने ग्रीन अमोनिया के लिए सैमसंग सीएंडटी के साथ तीन अरब डॉलर का दीर्घकालिक आपूर्ति समझौता किया है। कंपनी के अनुसार, यह दुनिया के सबसे बड़े ग्रीन अमोनिया ऑफटेक करारों में से एक है और उसके ग्रीन हाइड्रोजन प्लेटफॉर्म की व्यावसायिक प्रतिस्पर्धात्मकता को साबित करता है।
श्री अंबानी ने कहा कि जामनगर में पांच हजार एकड़ में फैला धीरूभाई अंबानी ग्रीन एनर्जी गीगा कॉम्प्लेक्स अब दुनिया के सबसे एकीकृत हरित ऊर्जा विनिर्माण पारितंत्र में से एक बन चुका है। कंपनी की सोलर पीवी सेल और मॉड्यूल मैन्युफैक्चरिंग लाइनें चालू हो चुकी हैं। करीब एक गीगावॉट एचजेटी मॉड्यूल्स का उत्पादन भी हो चुका है।
बैटरी क्षेत्र में विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि कंपनी की 40 गीगावॉट-आवर वार्षिक क्षमता वाली बीईएसएस और सेल गीगा फैक्ट्री का पहला चरण इसी वर्ष कमीशन होने की राह पर है। रिलायंस ने इसे बढ़ाकर 120 गीगावॉट-आवर वार्षिक क्षमता तक ले जाने की प्रतिबद्धता जतायी है।
श्री अंबानी ने कहा कि गीगा कॉम्प्लेक्स और कच्छ सोलर फार्म मिलकर दो लाख हरित रोजगार पैदा करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित