पटना , मई 27 -- बिहार में पटना जिले के पुनपुन थाना क्षेत्र में चालक से लूट की घटना का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी परिचय कुमार नेबुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में घटना में प्रत्यक्ष रूप से शामिल तीन अपराधी और एक लाइनर शामिल है।
उन्होंने बताया कि 10 मई 2026 को अपराधियों ने एक कार को भाड़े पर बुक किया था। इसके बाद चालक से मोबाइल फोन और एक हजार रुपये लूट लिये गए। हालांकि अपराधी वाहन लूटने में असफल रहे।
श्री कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त सिम कार्ड, वाहन बुक करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल सिम, लूटे गए मोबाइल का सिम, पांच अन्य मोबाइल फोन तथा लूट की एक हजार रुपये नगद बरामद किये हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है तथा अपराधियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित