रायपुर , मई 27 -- छत्तीसगढ़ में लगभग चार वर्षों के अंतराल के बाद प्रदेश युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही प्रदेशभर में संगठन के भीतर सक्रियता भी बढ़ गई है और विभिन्न पदों के लिए दावेदारी का दौर शुरू हो गया है। नामांकन प्रक्रिया 29 मई से प्रारंभ होगी।
संगठन से जुड़े सूत्रों के अनुसार भले ही चुनाव में युवा चेहरे सामने हों, लेकिन इसके पीछे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की रणनीतिक भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। माना जा रहा है कि जिस उम्मीदवार को प्रदेश या राष्ट्रीय स्तर पर प्रभाव रखने वाले बड़े नेताओं का समर्थन प्राप्त होगा, उसकी स्थिति मजबूत हो सकती है।
संगठनात्मक स्तर पर प्रदेश अध्यक्ष बनने के इच्छुक दावेदारों के लिए केवल व्यक्तिगत पहचान पर्याप्त नहीं मानी जा रही, बल्कि पूरे प्रदेश में संगठनात्मक पकड़ और सदस्यता विस्तार की क्षमता भी अहम होगी।
युवा कांग्रेस चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 29 मई से 13 जून तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन 11 जून से 13 जून के बीच दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद सदस्यता अभियान प्रारंभ होगा, जिसे चुनाव प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है।
संगठन ने इस बार 20 लाख युवाओं को सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। माना जा रहा है कि जिस उम्मीदवार की सदस्यता संख्या अधिक होगी, उसकी जीत की संभावना भी उतनी ही मजबूत होगी। पिछले चुनाव में लगभग 17 लाख सदस्य बनाए गए थे, हालांकि मतदान का अधिकार करीब सात लाख सदस्यों को ही मिला था। इस बार करीब 10 लाख मतदाताओं के मतदान में भाग लेने का अनुमान व्यक्त किया जा रहा है।
सदस्यता प्रक्रिया को लेकर संगठन के भीतर सवाल भी उठ रहे हैं। कई वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि सदस्यता अभियान में फिलहाल कोई कठोर वैचारिक या संगठनात्मक मापदंड लागू नहीं किया गया है।
प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए जिन नामों की चर्चा प्रमुखता से हो रही है, उनमें शांतनु झा, भावेश शुक्ला, लोकेश वशिष्ठ, अनिमेश सिंह, सजल चंद्राकर, शैलेंद्र बंजारे, सुनील पटेल, महेश सेन, हनी बग्गा, विनोद कश्यप, प्रशांत बाला बोखरे और प्रांजल तिवारी शामिल हैं।
चुनावी प्रक्रिया के तहत 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की ऑनलाइन और ऑफलाइन सदस्यता की जाएगी। मोबाइल नंबर, पहचान पत्र और सदस्यता का सत्यापन होगा। इसके बाद सदस्यता की जांच की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य पदों के इच्छुक उम्मीदवार आवेदन प्रस्तुत करेंगे और सदस्यता विस्तार के साथ कार्यकर्ताओं का समर्थन जुटाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
युवा कांग्रेस सदस्यों द्वारा मतदान किया जाएगा। मतदान डिजिटल अथवा निर्धारित प्रक्रिया के तहत संपन्न हो सकता है। संगठनात्मक सक्रियता, सदस्यता विस्तार, आंदोलन में भागीदारी, सार्वजनिक छवि और नेतृत्व क्षमता को भी मूल्यांकन का आधार बनाया जाएगा। अंतिम परिणाम केंद्रीय नेतृत्व एवं स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा शिकायतों की समीक्षा के बाद घोषित किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित