सीहोर , अक्टूबर 03 -- मध्यप्रदेश में सीहोर जिले के बुधनी थाना क्षेत्र में हुई करीब चार लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के अनुसार जेक्सन कंपनी द्वारा बुधनी क्षेत्र में सोलर प्लांट स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है। प्लांट परिसर में रखे कंटेनर में कंपनी की विभिन्न सामग्री सुरक्षित रखी गई थी। 02 अक्टूबर को कंपनी के कर्मचारियों ने साइट का निरीक्षण किया तो कंटेनर का ताला टूटा और दरवाजा खुला मिला। जांच करने पर कॉपर वायर, ग्रीन कॉपर वायर, केबल, मीटर, चेयर, फेंसिंग जाली, प्रिंटर सहित अन्य सामग्री गायब मिली। चोरी गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई।

घटना की सूचना मिलने पर बुधनी थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के दौरान कन्हैया कीर (29), पिता कैलाश कीर, निवासी ग्राम पातालखो, थाना बुधनी को हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों और चोरी गई सामग्री के संबंध में जानकारी प्राप्त की। आरोपी के कब्जे और उसके घर से करीब चार लाख रुपये कीमत की चोरी गई सामग्री बरामद की गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित