टिहरी गढ़वाल , मार्च 31 -- उत्तराखंड पुलिस के ''ऑपरेशन स्माइल'' अभियान के तहत टिहरी गढ़वाल पुलिस ने कर्नाटक से पिछले चार माह से लापता 21 वर्षीय युवती को मुनि की रेती थाना क्षेत्र अंतर्गत तपोवन से सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेशभर में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश एवं पुनर्वास के लिए एक जनवरी 2026 से ''ऑपरेशन स्माइल'' अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में गठित टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
घटना के अनुसार 30 मार्च को कर्नाटक पुलिस एवं युवती के परिजन थाना मुनि की रेती पहुंचे और सूचना दी कि उनकी पुत्री 26 नवंबर 2025 से अपने घर से बिना बताए लापता है। इस संबंध में कर्नाटक के हुबली थाने में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों से युवती के ऋषिकेश के तपोवन क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इस पर कर्नाटक पुलिस ने टिहरी पुलिस से सहयोग मांगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती ने ऑपरेशन स्माइल टीम को तत्काल सक्रिय किया।
पुलिस टीम ने कर्नाटक पुलिस एवं परिजनों के साथ संयुक्त रूप से सघन तलाश अभियान चलाया और युवती को तपोवन क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह पारिवारिक कारणों से नाराज होकर घर छोड़कर चली आई थी।
पुलिस ने आवश्यक काउंसलिंग के बाद युवती को मंगलवार को सुरक्षित उसके परिजनों एवं कर्नाटक पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस त्वरित कार्रवाई से संतुष्ट होकर परिजनों ने टिहरी पुलिस का आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित