बैतूल , जून 03 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की भैंसदेही तहसील के मालेगांव गांव में पिछले चार माह से गहरा पेयजल संकट बना हुआ है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।
ग्रामीणों ने जनसुनवाई में बताया कि गांव के अधिकांश पारंपरिक जलस्रोत और हैंडपंप सूख चुके हैं। वर्तमान में पहाड़ी क्षेत्र में स्थित एक प्राकृतिक जलस्रोत ही पूरे गांव के लिए पानी का प्रमुख सहारा बना हुआ है। ग्रामीणों को पीने के पानी और मवेशियों की जरूरतों के लिए प्रतिदिन लगभग ढाई किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है।
भैंसदेही विधानसभा के पूर्व विधायक धर्मू सिंह सिरसाम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवने को ज्ञापन सौंपा। श्री सिरसाम ने आरोप लगाया कि ग्रामीण लंबे समय से जल संकट झेल रहे हैं, लेकिन अब तक प्रभावी समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र राहत नहीं मिलने पर आंदोलन किया जाएगा।
कलेक्टर डॉ. सोनवने ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि चार से सात दिनों के भीतर स्थिति की समीक्षा कर वैकल्पिक व्यवस्थाएं और स्थायी समाधान के लिए कदम उठाए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित