चंडीगढ़ , अप्रैल 29 -- हरियाणा सरकार ने आपदा प्रबंधन तैयारियों को मजबूत करने के लिए 14 मई2026 को 13 संवेदनशील जिलों में राज्य स्तरीय बाढ़ मॉक ड्रिल आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह अभ्यास राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के समन्वय से वार्षिक मॉक अभ्यास कैलेंडर के तहत किया जाएगा।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तीय आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि यह मॉक ड्रिल चार चरणों में होगी। छह मई को अभिविन्यास बैठक, 12 मई को टेबल-टॉप अभ्यास और 14 मई को जमीनी स्तर पर वास्तविक मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
यह अभ्यास गुरुग्राम, अंबाला, फरीदाबाद, फतेहाबाद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, पानीपत, पलवल, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर जिलों में किया जाएगा, जिन्हें बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील माना गया है।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा प्रबंधन योजनाओं, संचार व्यवस्था और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत करना है। इसके साथ ही संसाधनों, लॉजिस्टिक्स और प्रतिक्रिया प्रणाली में कमियों की पहचान कर सुधार करना भी लक्ष्य है।
इस दौरान प्रशासन, आपदा प्रतिक्रिया दल, स्थानीय निकाय, मीडिया और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी और त्वरित कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित