चंडीगढ़ , जून 25 -- हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटीईटी) की तैयारियां तेज कर दी हैं। एचटीईटी चार और पांच जुलाई 2026 को राज्यभर में होगी। बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल ढोपड़ा ने 25 जून को जिला शिक्षा अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर परीक्षा के सुचारू और निष्पक्ष संचालन के निर्देश दिये।

बोर्ड के मुताबिक प्रदेश के 383 परीक्षा केंद्रों पर कुल 2,33,294 अभ्यर्थी शामिल होंगे। चार जुलाई को लेवल-3 पीजीटी की परीक्षा में 73,091 अभ्यर्थी बैठेंगे। पांच जुलाई को सुबह लेवल-2 टीजीटी में 1,19,141 और शाम को लेवल-1 पीआरटी में 41,062 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षा शहर की जानकारी देख सकेंगे। प्रवेश पत्र बाद में जारी होंगे।

नकल रोकने और पारदर्शिता के लिए विशेष फ्लाइंग स्क्वॉड, जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। हर केंद्र पर बोर्ड और जिला प्रशासन के अधिकारी तैनात रहेंगे।

जिला शिक्षा अधिकारियों को तीन से पांच जुलाई तक नियंत्रण कक्ष बनाने के निर्देश दिये गये हैं। कंट्रोल रूम बोर्ड मुख्यालय से सीधे जुड़ा रहेगा। निरीक्षण रिपोर्ट उसी दिन बोर्ड को भेजनी होगी।

दृष्टिबाधित और दिव्यांग अभ्यर्थियों को प्रति घंटे 20 मिनट के हिसाब से 50 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा। केंद्रों में प्रवेश केवल वैध पहचान पत्र से ही होगा।

बोर्ड मुख्यालय में केंद्रीय नियंत्रण कक्ष भी बनाया जा रहा है। परीक्षा के दौरान किसी भी अनियमितता की सूचना हेल्पलाइन और व्हाट्सएप नंबर पर तुरंत दी जा सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित