समस्तीपुर , सितंबर 25 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में सामान्य शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए आगामी चार अक्टूबर से पोर्टल खोला जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा की इस प्रक्रिया के तहत अगले दो माह के भीतर शिक्षकों को संबंधित विद्यालयों में पदस्थापित कर दिया जाएगा।
श्री तिवारी आज समस्तीपुर जिले के हरपुर एलौथ स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी उद्देश्य से राज्य की शिक्षा व्यवस्था में आधुनिक तकनीक और नवाचार को शामिल किया जा रहा है।
श्री तिवारी ने कहा कि बिहार में शिक्षा के माध्यम से समृद्धि लाने के लिए नए प्रयोगों को बढ़ावा देना आवश्यक है। इसी क्रम में विद्यालयों में लाइव क्लास, स्मार्ट क्लास, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और रोबोटिक साइंस जैसी आधुनिक तकनीकों को शामिल किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को तेजी से बदलती तकनीकी दुनिया के अनुरूप तैयार करना है।
इस अवसर पर भाजपा के विधान पार्षद तरुण कुमार और धनश्याम ठाकुर, भाजपा उत्तरी की जिलाध्यक्ष नीलम सहनी, भाजपा दक्षिणी के अध्यक्ष शशिधर झा, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य शशिकांत आनंद सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित