लंदन/वाशिंगटन , अप्रैल 29 -- ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में आयोजित एक राजकीय रात्रिभोज के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को द्वितीय विश्व युद्ध के दौर की एक ब्रिटिश पनडुब्बी 'एचएमएस ट्रंप' का औपचारिक घंटा भेंट किया। यह उपहार युद्धकालीन इतिहास और दोनों देशों के बीच गहरे प्रतीकात्मक संबंधों को समर्पित था।

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, पीतल के इस चमकीले घंटे पर राष्ट्रपति ट्रंप का नाम और वर्ष 1944 अंकित है। यह घंटा उस पनडुब्बी का है जिसने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटिश शिपयार्ड से निकलकर प्रशांत क्षेत्र में अपनी सेवाएं दी थीं। किंग चार्ल्स ने इस पनडुब्बी को उस अभियान में 'महत्वपूर्ण भूमिका' निभाने वाला बताया और इस घंटे को एक व्यक्तिगत उपहार के रूप में पेश किया।

किंग चार्ल्स ने परंपरा और भविष्य की कूटनीति के बीच तालमेल बिठाते हुए कहा, "यह हमारे देशों के साझा इतिहास और उज्ज्वल भविष्य के प्रमाण के रूप में बना रहे।"ब्रिटेन के राजा ने इस उपहार को भेंट करते हुए चुटीले अंदाज में यह भी कहा, "और अगर आपको कभी हमसे संपर्क करने की जरूरत महसूस हो, तो बस हमें एक घंटी बजा दीजिएगा।"यह प्रस्तुति प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप द्वारा आयोजित एक औपचारिक रात्रिभोज के दौरान हुई, जिसमें प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, कांग्रेस के सदस्य, सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश, व्यापारिक नेता और राष्ट्रपति के परिवार के सदस्य शामिल थे। अपने संबोधन में किंग चार्ल्स ने ब्रिटेन और अमेरिका के लंबे और जटिल संबंधों पर भी चर्चा की और कहा कि यह प्रतिद्वंद्वियों से सबसे करीबी सहयोगियों तक का सफर रहा है।

श्री ट्रंप ने भी इस साझेदारी का स्वागत करते हुए अमेरिका-ब्रिटेन के संबंधों को एक विशिष्ट और शक्तिशाली गठबंधन बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित