पटना , अप्रैल 07 -- िहार के बहुचर्चित करोड़ों रूपयों के चारा घोटाला के एक मुख्य मामले में राजधानी पटना स्थित केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई )की विशेष अदालत में मामले के एक अनुसंधानकर्ता की गवाही मंगलवार को कलमबंद हुई। विशेष न्यायाधीश राकेश कुमार की अदालत में सीबीआई ने अपने 117 वें गवाह के रूप में सीबीआई के तत्कालीन इंस्पेक्टर एन एम सिंह को पेश किया था। मुख्य परीक्षण के बाद सभी अभियुक्तों की ओर से प्रति परीक्षण पूरा किया गया।

यह मामला भागलपुर के बांका उप जिला कोषागार से पशुपालन विभाग में जाली विपत्रों के आधार पर लगभग 45 लाख रूपयों की अवैध निकासी का है । इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद सहित कई तत्कालीन मंत्री, विधायक और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी आरोपित हैं। सीबीआई ने इस मामले में कांड संख्या आर सी 63 (ए) /96 दर्ज किया था। सीबीआई ने इस मामले में 44 अभियुक्तों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था ,जिनमें से कई आरोपितों की मृत्यु हो चुकी है । वर्तमान में अदालत में लालू प्रसाद सहित 18 आरोपितों के खिलाफ सुनवाई चल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित