पटना , फरवरी 26 -- बिहार के बहुचर्चित करोड़ों रूपयों के चारा घोटाला के एक मुख्य मामले में राजधानी पटना स्थित केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत में मामले के अनुसंधानकर्ता की गवाही गुरूवार को जारी रही।

विशेष न्यायाधीश राकेश कुमार की अदालत में सीबीआई ने अपने 116 वें गवाह के रूप में सीबीआई के तत्कालीन इंस्पेक्टर नागेंद्र प्रसाद को पेश किया था। अपने मुख्य परीक्षण में गवाह ने बताया था कि मुकदमे के मुख्य अनुसंधानक एवं अन्य सहायक अनुसंधानकर्ताओं के द्वारा इकट्ठा किए गए कागजातों और गवाहों के बयानात के आधार पर उसने इस मामले में 44 अभियुक्तों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। आज गवाह का मुख्य परीक्षण पूरा होने के बाद लालू प्रसाद की ओर से प्रति परीक्षण किया गया। अन्य अभियुक्तों की ओर से प्रति परीक्षण के लिए गवाही जारी रही । आगे गवाही 27 फरवरी 2026 को होगी।

यह मामला भागलपुर के बांका उप जिला कोषागार से पशुपालन विभाग में जाली विपत्रों के आधार पर लगभग 45 लाख रूपयों की अवैध निकासी का है । इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद सहित कई तत्कालीन मंत्री, विधायक और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी आरोपित हैं। सीबीआई ने इस मामले में कांड संख्या आर सी 63 (ए) /96 दर्ज किया था। सीबीआई ने इस मामले में 44 अभियुक्तों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था ,जिनमें से कई आरोपितों की मृत्यु हो चुकी है । वर्तमान में अदालत में लालू प्रसाद सहित 18 आरोपितों के खिलाफ सुनवाई चल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित