बैतूल , सितंबर 17 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई विधानसभा क्षेत्र के चारसी और गोंडीधनोरी गांव के ग्रामीणों ने चारसी की शासकीय राशन दुकान के सेल्समैन काशीराम नागवंशी पर जून 2026 का राशन हितग्राहियों को वितरित नहीं करने और उसे बेचने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन भेजकर जून से सितंबर तक के राशन वितरण की जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार राशन दुकान क्रमांक 3110035 से क्षेत्र के हितग्राहियों को गेहूं, चावल, नमक और शक्कर वितरित किया जाता है। उनका आरोप है कि सेल्समैन नियमित रूप से दुकान नहीं खोलता और राशन लेने पहुंचने वालों को राशन नहीं आने की बात कहकर लौटा देता है। ग्रामीणों ने दावा किया कि जून का राशन भी हितग्राहियों को नहीं दिया गया।

ग्रामीणों रवि, राज और सुनील ने आरोप लगाया कि वाहनों से आने वाले कुछ लोगों को राशन दिया जाता है, जबकि पैदल आने वाले गरीब हितग्राही खाली हाथ लौटते हैं। उन्होंने दुकान के निर्धारित समय सुबह 10 से शाम पांच बजे तक दुकान नहीं खुलने का भी आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि दुकान खुलने की सूचना नहीं मिलने से कई हितग्राही राशन लेने से वंचित रह जाते हैं और बाद में उन्हें पिछले महीने का राशन देने से भी मना कर दिया जाता है।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि नारायण, घनपाल, सुभाष और रितेश भी राशन वितरण में सहयोग करते हैं। ग्रामीणों ने दावा किया कि उनके पास अलग-अलग वाहनों से राशन ले जाने के फोटो और वीडियो मौजूद हैं। शिकायत करने पर सेल्समैन द्वारा गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।

ग्रामीणों और अखिल भारतीय किसान सभा के जिला अध्यक्ष दुर्गाप्रसाद सिंगारे ने हितग्राहियों को राशन दिलाने तथा जांच के बाद कार्रवाई की मांग की है। मुलताई एसडीएम राजीव कहार ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। अधिकारियों को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित