देहरादून , अप्रैल 01 -- उत्तराखंड के पर्यटन धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने बुधवार को कहा कि सरकार ने चारधाम यात्रा 2026 को सुगम, सुखद और सुरक्षित बनाने के लिए अपनी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।

उन्होंने बताया कि श्री बद्रीनाथ, श्री केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सहित चारधाम यात्रा में आने वाले सभी यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पर्यटन विभाग, लोक निर्माण विभाग, पेयजल विभाग, होटल एसोसिएशन और टूर ऑपरेटर्स सभी एकजुट होकर काम कर रहे हैं। चारधाम यात्रा के सभी प्रमुख पड़ावों पर पर्याप्त आवास, साफ-सुथरे भोजनालय और विश्राम स्थल सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सड़कों की मरम्मत, अतिरिक्त बस सेवाएँ और ट्रैफिक प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था की गई है। प्रत्येक धाम पर मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस, ऑक्सीजन सुविधा और आपातकालीन रेस्क्यू टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा निरंतर विद्युत आपूर्ति, पेयजल, मोबाइल कनेक्टिविटी और शौचालयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित