हरिद्वार , अप्रैल 16 -- उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा 2026 को लेकर तैयारियों का जायजा लेने पुलिस मुख्यालय से नामित नोडल ऑफिसर आईजी प्रोफेशनल एंड मॉडर्नाइजेशन विम्मी सचदेवा रमन गुरुवार को हरिद्वार पहुंचीं। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने सीसीआर भवन में उनका स्वागत किया।

नोडल ऑफिसर की अध्यक्षता में सीसीआर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में एसएसपी सिंह, पुलिस अधीक्षक (एसपी) अपराध/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में एसएसपी द्वारा चारधाम यात्रा के मद्देनजर हरिद्वार पुलिस की तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।

बैठक के दौरान आईजी रमन ने यात्रा के लिए तैयार रोडमैप साझा करते हुए पार्किंग स्थलों, यात्रा पड़ावों, हॉल्टिंग प्वाइंट्स और रजिस्ट्रेशन केंद्रों की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा अवधि में यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक के उपरांत नोडल ऑफिसर ने विभिन्न पार्किंग स्थलों, हॉल्टिंग एरिया और रजिस्ट्रेशन केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित