देहरादून , मार्च 05 -- उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 के लिए श्रद्धालुओं का ऑनलाइन पंजीकरण छह मार्च से शुरू हो जायेगा।

राज्य सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार श्रद्धालु शुक्रवार सुबह सात बजे से यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे।

चारधाम यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से इस वर्ष भी ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु वेबलिंक तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। भारतीय श्रद्धालु आधार कार्ड के जरिए पंजीकरण कर सकेंगे, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी के माध्यम से पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

वर्ष 2026 में चारधाम के कपाट खुलने की तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं। यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को तथा बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। वहीं हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने की तिथि आधिकारिक घोषणा के बाद जारी की जाएगी।

जिन श्रद्धालुओं के पास आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है, उनके लिए इस वर्ष भी भौतिक पंजीकरण केंद्रों की व्यवस्था की गई है। इन केंद्रों पर पंजीकरण सेवा कपाट खुलने से दो दिन पहले 17 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। भौतिक पंजीकरण केंद्र ऋषिकेश के यात्रा पंजीकरण केंद्र एवं ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार के ऋषिकुल ग्राउंड तथा देहरादून के विकासनगर में स्थापित किए जाएंगे।

यात्रा से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए श्रद्धालु टोल फ्री नंबर 0135-1364 पर 24x7 संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए यात्रा से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण अवश्य करा लें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित