हरिद्वार , मई 19 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को ऋषिकुल मैदान स्थित ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पंजीकरण कराने पहुंचे श्रद्धालुओं से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त और चाक-चौबंद रखी जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करे।

जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में चारधाम यात्रा अपने चरम पर है और मुख्यमंत्री के निर्देशन में तीर्थयात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने पंजीकरण केंद्र पर पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं तथा हेल्प डेस्क की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और आतिथ्य का प्रतीक है। ऐसे में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि अब तक ऑनलाइन माध्यम से 37 लाख 28 हजार 571 श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि ऋषिकुल मैदान स्थित ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र पर एक लाख 94 हजार 172 श्रद्धालुओं का पंजीकरण किया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित