ऋषिकेश , जून 03 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को चारधाम यात्रा के प्रवेश द्वार ऋषिकेश में चारधाम यात्रा बस टर्मिनल परिसर पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए तीर्थ यात्रियों से सीधा संवाद कर यात्रा संबंधी अनुभवों की जानकारी ली और व्यवस्थाओं का फीडबैक प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री श्री धामी अखिल भारतीय महापौर परिषद के सम्मेलन में भाग लेने के लिए ऋषिकेश पहुंचे थे। सम्मेलन के उपरांत उन्होंने चारधाम यात्रा बस टर्मिनल परिसर का दौरा कर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चारधाम यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनकी यात्रा के अनुभव सुने।
श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री को यात्रा के दौरान मिली सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं और प्रशासनिक सहयोग की सराहना करते हुए अपनी संतुष्टि व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने यात्रियों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से जारी संदेश पत्र भी प्रदान किया तथा उसके विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के लिए प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा सीजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल एसडीएम ऋषिकेश कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित