देहरादून , मार्च 26 -- उत्तराखंड में हैलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से चारधाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को धोखाधड़ी से बचाने के लिए इस बार राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने अभी से कमर कसना शुरू कर दिया है। गुरुवार को इस सिलसिले में एसटीएफ और नेशनल साइबर क्राइम कॉर्डिनेशन सेंटर (आइ4सी) की गूगल बैठक हुई।

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बैठक में प्रकाश में आया कि आगामी चारधाम यात्रा, विशेषकर केदारनाथ धाम यात्रा में पवन हंस लिमिटेड से संबंधित हेली सेवा बुकिंग के नाम से फर्जी अकाउंट एवं पेज बनाकर आम जनता को हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर ठगी का शिकार बनाया जा रहा है।

श्री सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस प्रकार के साइबर धोखाधड़ी का संचालन मुख्यतः बिहार से किया जा रहा है। अपराधी फर्जी वेबसाइट, मोबाइल नंबर एवं सोशल मीडिया पेज के माध्यम से लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि ऐसे फर्जी खाते एवं पेज को तत्काल चिन्हित कर ब्लॉक/टेकडाउन कराया जाएगा। संबंधित प्लेटफॉर्म (मेटा) के साथ समन्वय स्थापित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि संदिग्ध मोबाइल नंबर एवं बैंक खातों की निगरानी एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, आम जनता को जागरूक करने के लिए व्यापक साइबर जागरुकता अभियान चलाया जाएगा।

एसएसपी, एसटीएफ ने सभी श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपेक्षा की है कि केदारनाथ अथवा चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट अथवा प्रमाणित माध्यम से ही करें। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा पंजीकरण को व्हाट्सअप नंबर 8394833833 अधिकृत माध्यम के रूप में उपलब्ध है, जिसका उपयोग आधिकारिक जानकारी के लिए करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित