पौड़ी , अप्रैल 26 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पोड़ी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ कर दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस द्वारा यात्रा मार्गों, प्रमुख पड़ाव स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे यात्रा सुगम और सुरक्षित बनी रहे।

पुलिस प्रशासन ने रविवार को विशेष रूप से श्रीनगर के गोवा बीच एवं देवप्रयाग संगम जैसे नदी तटीय क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जलस्तर में उतार-चढ़ाव, तेज धारा और फिसलन के कारण इन स्थानों पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे में खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग कर चेतावनी संकेत लगाए गए हैं।

इन क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा लगातार गश्त की जा रही है और श्रद्धालुओं को प्रतिबंधित स्थानों पर जाने से रोका जा रहा है। साथ ही उन्हें केवल सुरक्षित एवं निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने की सलाह दी जा रही है।

यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जल पुलिस एवं आपदा राहत टीमों को भी तैनात किया गया है। आधुनिक उपकरणों से लैस ये टीमें हर समय मुस्तैद हैं और त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैयार रखी गई हैं।

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और जोखिम वाले क्षेत्रों से दूर रहकर अपनी यात्रा को सुरक्षित बनाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित