टिहरी , मई 11 -- उत्तराखंड के चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से परिवहन विभाग टिहरी द्वारा भद्रकाली स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर सोमवार को सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान निजी वाहनों का व्यवसायिक उपयोग करते पाए जाने पर तीन वाहनों को जब्त किया गया, जबकि विभिन्न मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन में 10 वाहनों के चालान किये गये।
यह कार्रवाई प्रभारी जिलाधिकारी वरुणा अग्रवाल के निर्देश पर की गई। परिवहन विभाग ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अवैध संचालन पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए लगातार जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।
प्रवर्तन अभियान में सहायक प्रवर्तन निरीक्षक अनंतराम रावत, परिवहन आरक्षी रोहन और विपिन मौजूद रहे। सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येंद्र राज ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान निजी वाहनों का व्यवसायिक उपयोग न करें और केवल अधिकृत सार्वजनिक सेवा वाहनों का ही प्रयोग करें, जिससे यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित