चमोली , मई 02 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए चमोली जिला प्रशासन और पुलिस ने ठोस कदम उठाए हैं। शनिवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने आपदा प्रबंधन विभाग के सहयोग से उपलब्ध कराई गई दो क्रेनों को हरी झंडी दिखाकर यात्रा मार्ग के लिए रवाना किया।
प्रशासन के अनुसार, चारधाम यात्रा के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ने के साथ-साथ वाहन खराब होने, मार्ग अवरुद्ध होने तथा भूस्खलन जैसी समस्याएं सामने आती हैं। इन्हीं चुनौतियों से निपटने के लिए इन क्रेनों की तैनाती की जा रही है, ताकि आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
यह क्रेन मार्ग पर खड़े खराब वाहनों और सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों को शीघ्र हटाने में भी सहायक होंगी, जिससे यातायात व्यवस्था बाधारहित बनी रहेगी। इससे श्रद्धालुओं को जाम और अनावश्यक देरी से राहत मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित