पौड़ी , मई, 22 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ते यातायात दबाव और संभावित जाम की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पौड़ी पुलिस ने शुक्रवार से विशेष पहल की है। अब यात्रा मार्गों पर "पुलिस मोबाइल बाइक" टीमें लगातार सक्रिय रहकर ट्रैफिक नियंत्रण, पुलिस गश्त और आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराएंगी।
इसी कड़ी में आज पुलिस लाइन पौड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने पांच नई बुलेट मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर जनसेवा हेतु रवाना किया।
चारधाम यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही के कारण कई स्थानों पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है। पहाड़ी क्षेत्रों में संकरे मार्ग, भारी वाहनों की आवाजाही तथा अचानक उत्पन्न होने वाली जाम की स्थिति व्यवस्था संचालन के लिए चुनौती बनती रही है। ऐसे में मोबाइल बाइक टीमें तेजी से मौके तक पहुंचकर यातायात को सामान्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित