पौड़ी, जून, 16 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को श्रीनगर में विशेष सर्विलांस अभियान चलाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर संचालित इस अभियान के तहत मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से विभिन्न खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मिलावट की जांच की गई।

विभाग द्वारा दूध एवं दुग्ध उत्पाद, खाद्य तेल, मसाले और मिठाइयों समेत कुल 176 खाद्य नमूनों की जांच की गई। अब तक की जांच में छह नमूनों में गुणवत्ता संबंधी कमियां पाई गई हैं, जबकि शेष नमूनों की जांच प्रक्रिया जारी है। संबंधित विक्रेताओं को कमियों की जानकारी देते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश जारी किए गए हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी. जोशी ने बताया कि मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से खाद्य पदार्थों में संभावित मिलावट की त्वरित पहचान संभव है। जांच के दौरान किसी उत्पाद में कमी या मिलावट की आशंका मिलने पर संबंधित विक्रेता को तत्काल सूचित किया जाता है, ताकि उपभोक्ताओं तक उत्पाद पहुंचने से पहले आवश्यक सुधार किए जा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित