ऋषिकेश , मार्च 30 -- उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा के प्रवेश द्वार ऋषिकेश में यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी कड़ी में सोमवार को ऋषिकेश एआरटीओ कार्यालय में कमर्शियल वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ किया गया। आरटीओ प्रशासन सुनील सैनी ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आरटीओ प्रशासन ने बताया कि राज्य स्तर पर ग्रीन कार्ड व्यवस्था लागू होने के बाद अब चारधाम यात्रा के प्रवेश द्वार ऋषिकेश समेत पूरे प्रदेश में इसे सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। इस बार प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
चारधाम यात्रा के दौरान तपोवन और भद्रकाली जैसे क्षेत्रों में अक्सर बसों की लंबी कतारों के कारण जाम की स्थिति बन जाती है। इस समस्या से निपटने के लिए परिवहन विभाग ने कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। चेकपोस्टों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती के साथ उन्हें टैबलेट और हाई-स्पीड वाई-फाई की सुविधा दी जाएगी, जिससे जांच प्रक्रिया तेज और आसान हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित