उत्तरकाशी , जून 03 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए उत्तरकाशी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत बुधवार को बड़कोट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से पांच पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जिलाभर में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर रानाचट्टी स्थित जर्जर गाड़ के समीप वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

जांच के दौरान पुलिस ने एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से पांच पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (सोलमेट ब्लू व्हिस्की) बरामद हुई। मौके पर मौजूद चालक गुरूदेव सिंह रावत (38) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध रूप से शराब की तस्करी कर रहा था। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर उसके खिलाफ कोतवाली बड़कोट में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित