देहरादून , अप्रैल 21 -- उत्तराखंड पुलिस प्रशासन ने आगामी चारधाम यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए एक अत्याधुनिक 'हाईटेक चारधाम यात्रा कंट्रोल रूम' स्थापित किया है। इसके माध्यम से यात्रा मार्गों, प्रमुख धामों और संवेदनशील पड़ावों पर तकनीक की मदद से कड़ी नजर रखी जा रही है।

गढ़वाल परिक्षेत्र (जोन) के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राजीव स्वरूप ने मंगलवार को कंट्रोल रूम के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। तकनीक के इस समावेश से न केवल यातायात व्यवस्था को सुधारा जाएगा, बल्कि आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को भी नए आयाम मिलेंगे।

उन्होंने बताया कि यात्रा के मुख्य केंद्रों जैसे केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री व अन्य पड़ावों की लाइव फीड सीधे कंट्रोल रूम की बड़ी स्क्रीन पर उपलब्ध होती है, जिससे भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी की निगरानी के लिए आधुनिक सॉफ्टवेयर का उपयोग किया जा रहा है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों और ट्रैफिक जाम की तुरंत पहचान हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित