हरिद्वार , जुलाई 12 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा एवं आगामी कांवड़ यात्रा के मद्देनजर हरिद्वार में सीवरेज कार्य के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर उत्तराखंड पेयजल निगम की निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई दिन-रात कार्य करते हुए सड़कों को शीघ्र यातायात योग्य बनाने में जुटी है।

रविवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए हैं कि यात्रा सीजन के दौरान सीवरेज कार्य के कारण खोदी गई सभी सड़कों की मरम्मत हर हाल में जल्द पूरी की जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, चारधाम यात्रियों और कांवड़ श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम के निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई की परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में केएफडब्ल्यू वित्तपोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है। पैकेज-01 के तहत जोन-बी न्यू बस्ती में 22.30 मीटर तथा शांति मार्ग में 54.20 मीटर एम-30 सीसी रोड का निर्माण पूरा कर कुल 76.50 मीटर कार्य पूर्ण किया गया है।

इसी प्रकार पैकेज-02 के अंतर्गत राज विहार फेज-1 में 50 मीटर तथा राज विहार फेज-3 में 90 मीटर सीसी रोड निर्माण कार्य पूरा किया गया। इस प्रकार दोनों पैकेजों में बीते एक दिन में कुल 216.50 मीटर सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य संपन्न किया गया। सुश्री मित्तल ने बताया कि निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए सभी टीमें दिन-रात कार्य कर रही हैं। लक्ष्य है कि चारधाम और कांवड़ यात्रा के दौरान शहर की सड़कें पूरी तरह सुगम रहें तथा श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित