बैतूल , जुलाई 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की गंज थाना पुलिस ने करीब दो माह पूर्व चाय-नाश्ते की एक दुकान में आगजनी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

पुलिस के अनुसार टैगोर वार्ड निवासी रोहित श्रीवास्तव ने 30 मई को गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 29 मई की रात करीब 10:15 बजे अपनी चाय-नाश्ते की दुकान बंद कर घर चला गया था। देर रात लगभग 2:30 बजे उसे सूचना मिली कि उसकी दुकान और सामने स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर में आग लगी हुई है। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा, जहां फायर ब्रिगेड और पुलिस की सहायता से आग पर काबू पाया गया।

आगजनी की घटना में दुकान में रखा फ्रिज, डीप फ्रीजर, फर्नीचर, विद्युत उपकरण, सजावटी सामग्री तथा अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। शिकायतकर्ता के अनुसार घटना में लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये का नुकसान हुआ।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का परीक्षण किया। फुटेज में दो संदिग्ध युवक दुकान के पीछे की ओर से आते तथा आग लगाने के बाद वहां से भागते हुए दिखाई दिए। इसके आधार पर पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों हर्षद टाकरकर (24), निवासी लोहिया वार्ड, बैतूल तथा गगन कोसे (27), निवासी बगडोना, सारणी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार मामले के खुलासे में निरीक्षक नीरज पाल के नेतृत्व में गठित टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में उपनिरीक्षक उत्तमनंदन मस्तकार, इरफान कुरैशी, प्रधान आरक्षक मयूर तथा आरक्षक चन्द्रशेखर हिंगवे, अनिरुद्ध, नवीन रघुवंशी, शिवशंकर देवड़ा और गजानंद वाडीवा शामिल रहे। पुलिस मामले की विवेचना कर आगजनी के पीछे के कारणों की भी जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित