नयी दिल्ली , मार्च 27 -- मध्य दिल्ली के पटेल नगर में अपने पति पर चाकू से हमला करवाने के आरोप में 24 वर्षीय महिला और उसके साथी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है।

एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित को चाकू से कई घाव लगे हैं और उसका इलाज फिलहाल राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा है। जब 24 मार्च को पुलिस पहली बार अस्पताल पहुंची थी, तो डॉक्टरों ने पीड़ित को बयान देने के लिए असमर्थ घोषित कर दिया था।

पुलिस उपायुक्त (मध्य जिला) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि आरोपी लक्ष्मी ने शुरू में पुलिस को बताया था कि जब उसका पति खाना खरीदने के लिए पास के एक पार्क में गया था, तो दो-तीन अज्ञात लोगों ने उस पर हमला कर दिया था। उसके बयान के आधार पर पटेल नगर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच के दौरान हालांकि टीम को इलाके और दंपति के घर के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने के बाद शक हुआ क्योंकि फुटेज में उसकी बताई गई कहानी में कई विसंगतियां सामने आईं। पुलिस की एक टीम ने आरोपियों से लगातार पूछताछ की और तकनीकी विश्लेषण किया।

श्री सिंह ने बताया कि जांच में पता चला कि लक्ष्मी ने अपने 22 साल के साथी करण के साथ मिलकर इस हमले की साजिश रची थी।करण उसे पिछले कुछ सालों से जानता था और लक्ष्मी ने ही उससे अपने पति पर हमला करने को कहा था।

उन्होंने बताया कि लक्ष्मी ने आर्थिक स्थिरता के लिए पीड़ित से शादी की थी लेकिन उनके बीच लगातार झगड़े होते रहते थे। बाद में उसने करण से दोबारा संपर्क साधा और दोनों ने मिलकर पति को रास्ते से हटाने (मारने) की योजना बनाई। घटना वाले दिन करण एक चाकू लेकर महिला के घर पहुंचा और कहा-सुनी के दौरान पीड़ित पर चाकू से कई बार वार करने के बाद वहां से फरार हो गया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर अज्ञात लोगों द्वारा हमला किए जाने की झूठी कहानी गढ़ी। करण को बुधवार देर रात शादीपुर फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया गया और उसके बाद लक्ष्मी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित