बैतूल , अक्टूबर 07 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में 15 अगस्त को हुई हत्या के प्रयास की घटना में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को बैतूल बाजार थाना पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेन्द्र (25), निवासी ग्राम कोलगांव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 15 अगस्त 2026 को ग्राम कोलगांव स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में पुराने विवाद के चलते आयुष बारपेटे और उसके साथियों ने 16 वर्षीय फरियादी रोशन उईके और उसके साथी विशाल उर्फ राजा पर हमला कर दिया था। इस दौरान आरोपी आयुष ने चाकू से वार किया, जिससे विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया था।
इस मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया था। घटना के बाद से सह-आरोपी देवेन्द्र फरार चल रहा था। पुलिस को 07 अक्टूबर को मुखबिर से आरोपी के अपने निवास पर होने की सूचना मिली। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
वही आवश्यक पूछताछ और वैधानिक प्रक्रिया के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर, सहायक उपनिरीक्षक मुलायम सिंह मौर्य, आरक्षक कमल चौरे और प्रधान आरक्षक सुखराम पंवार की भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित