बैतूल , जुलाई 10 -- मध्यप्रदेश में बैतूल शहर के कोठी बाजार क्षेत्र में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के कारण गुरुवार शाम बड़ा हादसा टल गया। साप्ताहिक बाजार के दौरान सड़क पर फैले मांझे को मौके पर मौजूद युवकों ने हटाकर कई वाहन चालकों को संभावित दुर्घटना से बचा लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार साप्ताहिक सब्जी बाजार के दौरान एक कटी हुई पतंग से बंधा लंबा चाइनीज मांझा सड़क के बीच आ गया। उस समय बाजार में भारी भीड़ और दोपहिया वाहनों की आवाजाही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुछ युवकों ने तत्काल मांझा पकड़कर लोगों को सतर्क किया, जिसके बाद कई वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए और संभावित दुर्घटना टल गई।

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री पर चिंता जताते हुए अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और विशेष अभियान चलाने की मांग की। उन्होंने लोगों को इसके खतरों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता भी बताई।

नगर पालिका परिषद बैतूल के मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडेय ने कहा कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री रोकने के लिए संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चाइनीज मांझा बेचते पाए जाने वाले व्यक्तियों और व्यापारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित