मुरैना , जुलाई 21 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर वैरियर चौराहे के समीप मंगलवार को चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। चालक और हेल्पर ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे में ट्रक और उसमें भरा परचूनी का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार परचूनी का सामान लेकर ट्रक राजस्थान के धौलपुर से ग्वालियर जा रहा था। वैरियर चौराहे के समीप पहुंचते ही ट्रक में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक और उसमें भरा लाखों रुपये मूल्य का परचूनी का सामान जलकर राख हो चुका था। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित