ग्वालियर , जून 01 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर पनिहार रेलवे स्टेशन के समीप ग्वालियर से इंदौर जा रही एक स्लीपर वीडियो कोच बस में आग लग गई। घटना के समय बस में लगभग 45 यात्री सवार थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बस रविवार रात लगभग 10 बजे ग्वालियर से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। रात करीब 11 बजे पनिहार रेलवे स्टेशन के पास पहुंचते ही बस के इंजन और पिछले हिस्से से धुआं निकलना शुरू हो गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और बस से ऊंची लपटें उठने लगीं।

बस में धुआं भरते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक और परिचालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोककर यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। आग तेजी से फैलने के कारण कुछ यात्रियों ने खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर निकलकर जान बचाई। राहगीरों और बस कर्मियों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा दुर्घटना टल गया। हालांकि आग से बस को भारी नुकसान पहुंचा है।

घटना की सूचना मिलने पर पनिहार थाना पुलिस और दमकल दल मौके पर पहुंचे। सुरक्षा की दृष्टि से कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात भी रोका गया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित