नयी दिल्ली , सितंबर 01 -- दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस ने चलती बस में 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर दिल्ली की भाजपा सरकार पर हमला बोला और कहा कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को रोकने में सरकार की नाकामी के कारण दिल्ली 'रेप कैपिटल' बनती जा रही है।
दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा सिंह ने घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर जल्द सजा देने की मांग की है।
सुश्री सिंह ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दुष्कर्म , छेड़छाड़, हिंसा और अपहरण जैसी घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। उन्होंने दिल्ली सरकार और पुलिस से महिला सुरक्षा के लिए स्पष्ट जवाबदेही और समयबद्ध कार्ययोजना बनाने की मांग की।उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की चुप्पी पर भी सवाल उठाया।
उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा केवल भाषण और विज्ञापनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सार्वजनिक परिवहन, बसों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार और पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्भया कानून, 2013 के तहत निर्धारित सुरक्षा मानकों को लागू करने की भी मांग की।
निगम में कांग्रेस दल की नेता नाजिया दानिश और प्रदेश कांग्रेस महासचिव नीतू वर्मा ने भी सरकार पर सवाल उठाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित