ग्वालियर , मई 15 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले से रायफलों की रीब्राउनिंग के लिए ग्वालियर आ रहे एक होमगार्ड जवान की चलती वाहन से कूदने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विजयपुरा निवासी 25 वर्षीय धर्मेन्द्र आदिवासी होमगार्ड कार्यालय शिवपुरी में पदस्थ था। वह दो दिन पहले सरकारी वाहन टाटा 407 से अन्य जवानों के साथ 13वीं बटालियन ग्वालियर रायफल जमा करने आ रहा था।

वाहन में प्लाटून कमांडर राघवेन्द्र हांकरे सहित अन्य जवान भी सवार थे। बताया गया है कि मोहना क्षेत्र पार करने के बाद धर्मेन्द्र के मोबाइल पर घर से फोन आया था और वह काफी देर तक बातचीत करता रहा।

पुलिस के अनुसार घाटीगांव से आगे सिमरिया तिराहे के पास अचानक वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा और वाहन के पीछे की ओर जाकर चलती गाड़ी से कूद पड़ा। सड़क पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया तथा उसके नाक और कान से खून बहने लगा।

साथी जवानों ने तत्काल वाहन रुकवाकर उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर जयारोग्य अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित