मैनपुरी , जुलाई 6 -- मैनपुरी जिले की कुरावली थाना पुलिस ने चलती ऑटो में सफर करने वाली महिला यात्रियों के गहने चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त सीएनजी ऑटो बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि गिरोह सुनियोजित तरीके से ऑटो में सवारियां बैठाता था। आरोपी स्वयं भी यात्री बनकर ऑटो में बैठ जाते थे और यात्रा के दौरान अकेली महिला यात्रियों को निशाना बनाकर उनके बैग अथवा शरीर से कीमती आभूषण चोरी कर लेते थे।
मामले का खुलासा घिरोर थाना क्षेत्र के नगला रजा निवासी अंजू की शिकायत के बाद हुआ। पीड़िता ने बताया कि शरीफपुर से ऑटो में यात्रा के दौरान उनके बैग से सोने की जंजीर, कानों के झाले और अंगूठी चोरी हो गई। शिकायत के आधार पर थाना कुरावली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी रामेश्वर दयाल के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर एनएच-34 स्थित नगला ऊपर मोड़ के पास सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेखा (20) निवासी ग्राम सहारा, थाना बिछवां (मैनपुरी), राजवीर सिंह (50) निवासी ग्राम सहारा, थाना बिछवां तथा दीपक (25) निवासी मलावन, जनपद एटा (हाल निवासी ब्रजवार कॉलोनी, एटा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने की जंजीर, एक जोड़ी सोने के कानों के झाले, 5,000 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त सीएनजी ऑटो बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, महिला आरोपी रेखा के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी का एक मुकदमा दर्ज है। सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित