रांची , मई 06 -- झारखंड विधानसभा में नेवा (नेशनल ई विधान)का क्रियान्वयन तथा राज्य विधान मंडल के संबंध में संवैधानिक प्रावधान विषय पर विधानसभा सचिवालय के कर्मचारियों/पदाधिकारियों के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो की उपस्थिति के साथ शुरू हुई। श्री महतो के साथ सभा सचिवालय के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार भी कार्यशाला में उपस्थित रहे। कार्यशाला का प्रथम सत्र पूर्वाह्न11 बजे से 1:30 बजे अपराह्न तक चला। प्रथम सत्र की शुरुआत अध्यक्ष श्री महतो के संबोधन से शुरू हुई।
अध्यक्ष श्री महतो ने कार्यशाला में अधिक संख्या में पदाधिकारीयों के भाग लेने को अच्छी परिपाटी बतायी। उन्होंने कहा कि चर्चा परिचर्चा के माध्यम से हम अधिक ज्ञान अर्जित करते हैं। वरीय पदाधिकारियों को कार्य करने के अनुभवों के साथ जो सीखने का मौक़ा मिला है उसका लाभ कनीय अधिकारियों तक पहुँचनी चाहिए। कार्यालयों में कार्य करने के दौरान पठन पाठन का मौक़ा कम मिल पाता है वैसे में,ऐसे कार्यशालाओं के आयोजित होने से ज्ञान का आहरण के साथ साथ अनुशीलन का भी मौक़ा मिलता है। यदि हम सीखना चाहते हैं और अपने समझ को बढ़ाना चाहते है तो हमें अध्ययन के अलावा ज्ञान के आहरण के साथ साथ अनुशीलन पर भी उतना ही ध्यान देना होगा।
श्री महतो ने यह भी कहा कि विधानसभा के अधिकारी, विधानसभा सदस्यों को उनके कार्यों में सहयोग करते हैं ऐसे में उन्हें विधायी विषयों से अपडेट रहने की आवश्यकता है। विधायी व्यवस्थाएँ और संस्थाएं यदि ठीक से कार्य करेगी तो कार्यपालिका को और अधिक जवाबदेह होना पड़ेगा इसलिए हमारी संवैधानिक व्यवस्था में भी विधानसभा सचिवालय को कार्यपालिका से हटकर स्वायत्तता दी गई है।
विधानसभा को आगामी मॉनसून सत्र से पहले नेशनल ई विधान (नेवा) के माध्यम से सत्र को संचालित करने की तैयारियों को पूरा कर लेने की आवश्यकता है ताकि हम पेपरलेस विधानसभा की ओर आगे बढ़ पाए।
कार्यशाला में झारखंड विधानसभा में नेवा (नेशनल- ए-विधान ) के क्रियान्वयन पर राव दीपेन्द्र कुमार यादव अवर सचिव ,राज्य विधान मंडल के संबंध में संवैधानिक प्रावधान ,विषय पर माननीय अध्यक्ष महोदय के विशेष कार्य पदाधिकारी, विवेक कुमार तथा विधानसभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन के नियम और इसके कुछ अनछुए पहलू पर कृष्णा कुमार सिंह सहायक प्रशाखा पदाधिकारी ने अपनी प्रस्तुति रखी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित