होशियारपुर , नवंबर 10 -- पंजाब के मुकेरियां में पत्नी के चरित्र पर शक के कारण उसकी हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पांच नवंबर से लापता महिला का शव गन्ने के खेत से बरामद किया गया है।

मुकेरियां थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रिंसिपल सिंह ने मंगलवार को बताया कि आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदाजिले के मलिकपुरा गांव निवासी जहादौल इस्लाम के रूप में हुई है। वह मुकेरियां क्षेत्र के महिदीनपुर दलेल गांव में सीवर सफाई कर्मचारी के रूप में काम करता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपने साले सोहेल अली, निवासी चपाखोर गांव, जिला कटिहार (बिहार) को फोन कर पत्नी रुबीना खातून के लापता होने की जानकारी दी थी। इसके बाद सोहेल ने अपने भाई को बहन के घर भेजा और अगले दिन खुद भी वहां पहुंचा। परिवार के सदस्यों ने महिला की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

इस दौरान परिजनों को पति पर शक हुआ। पूछताछ करने पर आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि उसे पत्नी के चरित्र पर शक था और वह उसे गन्ने के खेत में ले गया, जहां गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। महिला का शव बरामद कर लिया गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित