शाहजहांपुर , जुलाई 27 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के पुवायां थाना क्षेत्र में पारिवारिक प्रताड़ना और चरित्रहनन से आहत होकर एक महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर पर उसके सगे भतीजे के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्षेत्राधिकारी (पुवायां) प्रवीण मलिक ने सोमवार को बताया कि पुवायां थाना क्षेत्र के मुकीमपुर गांव निवासी रामचन्द्र अवस्थी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उनका सगा भतीजा हितेश अवस्थी उनकी पत्नी रूबी देवी (42) पर आए दिन गलत चरित्र के आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करता था। कई बार समझाने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।

पुलिस के अनुसार 26 जुलाई को भी हितेश अवस्थी ने रूबी देवी के साथ गाली-गलौज की और उनके साथ मारपीट करते हुए थप्पड़ मारे। इससे मानसिक रूप से आहत होकर रूबी देवी ने लखपेड़ा बाग स्थित जिंद बाबा मजार के पास सल्फास का सेवन कर लिया। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुवायां ले गए, जहां से चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई।

रामचन्द्र अवस्थी ने अपनी पत्नी की मौत के लिए भतीजे हितेश अवस्थी को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस को तहरीर दी। इसके आधार पर पुवायां थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है तथा साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित