मुंबई , अगस्त 24 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस वरिष्ठ नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह चयनात्मक रूप से याद रखने का कला उनसे (श्री चिदंबरम) से सीखना चाहते हैं।
गौरतलब है कि श्री चिदंबरम ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा था कि श्री फडणवीस के बारे में कहा जा रहा है कि उन्होंने कहा है कि श्री राहुल गांधी मंचों से महिला सशक्तिकरण को लेकर बड़े-बड़े बयान देते हैं, लेकिन जब महिला आरक्षण विधेयक पारित करने की बात आती है, तो उन्होंने और उनकी पार्टी ने इसका पुरजोर विरोध करते हैं। उन्होंने श्री फडणवीस पर तंज कसते हुए कहा, "मुझे यकीन है कि उन्होंने यह बयान मानसिक थकान के कारण दिया गया होगा।"श्री फडणवीस ने श्री चिदंबर की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते सोशल मीडिया एक पर लिखा, "प्रिय पी. चिदंबरम जी, मैं भी चयनात्मक रूप से याद रखने की कला सीखना चाहता हूं।"उन्होंने कहा कि आप अच्छी तरह जानते हैं कि 106वां संविधान संशोधन अधिनियम, 2023 नारी शक्ति वंदन अधिनियम, जिसे आपने पढ़ा और जिसके पक्ष में मतदान किया था में एक स्पष्ट शर्त है। इसमें महिलाओं के लिए सीटों का आरक्षण तभी लागू होगा, जब परिसीमन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। यह परिसीमन अधिनियम लागू होने के बाद होने वाली पहली जनगणना के आधार पर किया जायेगा।
उन्होंने कहा, "हम सभी जानते हैं कि कोविड के कारण जनगणना में देरी हुई। अधिनियम लागू होने के बाद होने वाली जनगणना और उसके बाद परिसीमन की प्रक्रिया का इंतजार करने का मतलब है कि 2029 के आम चुनावों तक महिला आरक्षण लागू नहीं हो पाएगा। यही कारण है कि 2026 में सरकार 2011 की पहले से प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन कराने, लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने और 2029 के चुनावों तक महिला आरक्षण लागू करने के लिए नये विधेयक लेकर आई। आपके नेता श्री गांधी और कांग्रेस ने इसका विरोध किया और संसद में उस प्रयास को विफल कर दिया। इस तरह 2029 तक महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता रोक दिया गया।"उन्होंने कहा कि 2023 में आपने 106वें संविधान संशोधन का समर्थन इसलिए किया, क्योंकि आप जानते थे कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के पास इसे पारित कराने के लिए पर्याप्त संख्या थी और आपके समर्थन के बिना भी यह पारित हो जाता, तो बहती गंगा में हाथ धो लो, लेकिन जैसे ही महिला आरक्षण को जल्द लागू करने का वास्तविक मौका आया, कांग्रेस का असली रंग सामने आ गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित