चम्पावत , मार्च 06 -- उत्तराखंड के चंम्पावत में जल्द ही आधुनिक सिटी सेंटर का निर्माण किया जायेगा। प्रदेश सरकार ने सिटी सेंटर के लिए 62.33 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के रोडवेज स्टेशन क्षेत्र में सिटी सेंटर का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना नगर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
प्रस्तावित सिटी सेंटर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मल्टी स्टोरी पार्किंग, शॉपिंग कॉम्पलेक्स तथा अन्य जनोपयोगी व्यवस्थाओं का विकास किया जाएगा। इससे नगर क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के साथ-साथ लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
साथ ही परियोजना के निर्माण से नगर में पार्किंग की समस्या के समाधान के साथ व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार तथा आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे। इसके साथ ही माना जा रहा है कि इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा जिससे जिले की आर्थिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित