चम्पावत , मार्च 25 -- उत्तराखंड के चंपावत जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए सुखद खबर है। आगामी दो अप्रैल को लोहाघाट स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में एक दिवसीय भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें करीब 2000 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी।

जिला प्रशासन ने मेले को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशासन ने सभी विभागों को अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिला सेवायोजन अधिकारी आर.के. पंत के अनुसार, मेले में आठ से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी। इनमें हेता ऑरगेनिक, पुखराज हेल्थकेयर, क्वैस क्रॉप, जेबीएम ग्रुप, गणेश प्रा.लि., नील मैटल, सनसेरा और स्पार्क मिंडा यूवा शक्ति फाउंडेशन जैसी कंपनियां शामिल हैं। कंपनियों के एचआर प्रतिनिधि लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन करेंगे।

इस रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, परास्नातक और बीटेक उत्तीर्ण युवा भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है।

चयनित युवाओं को चम्पावत के अलावा पंतनगर, रुद्रपुर, नोएडा और हरियाणा के औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने का अवसर मिलेगा।

इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छाया प्रतियां, अपडेटेड बायोडाटा और दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ दो अप्रैल को सुबह 10 बजे आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा। मेले में भाग लेने के लिए नेशनल करियर सर्विस पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 05965-297303, 7830860575 और 8445855555 पर संपर्क कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित